हाईप्रोफाइल युवा कांग्रेस चुनाव में नया विवाद, पैसे से वोट प्रभावित करने की शिकायत पहुंची कमेटी तक

रायपुर: छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का चुनाव इन दिनों हाईटेक प्रचार के साथ-साथ हाईप्रोफाइल चुनावी मुकाबले में बदलता नजर आ रहा है। अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी जोर-आजमाइश में जुटे हैं। इसी बीच चुनाव प्रक्रिया को लेकर एक शिकायत ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के खिलाफ शिकायत चुनाव कमेटी तक पहुंची, जिसमें पैसे देकर सदस्यों को प्रभावित करने और वोट हासिल करने के लिए पीआर एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया।

शिकायत सामने आने के बाद चुनाव कमेटी ने दोनों प्रत्याशियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। जवाब मिलने तक दोनों के नामांकन को होल्ड कर दिया गया था। इससे युवा कांग्रेस के चुनावी माहौल में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।

जवाब के बाद नामांकन हुआ अनहोल्ड

दोनों प्रत्याशियों ने चुनाव कमेटी के नोटिस का जवाब दिया। जवाब मिलने के बाद कमेटी ने दोनों के नामांकन को दोबारा अनहोल्ड कर दिया। हालांकि, कमेटी ने दोनों प्रत्याशियों को कड़ी चेतावनी भी दी है।

कमेटी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में इस तरह की कोई शिकायत दोबारा सामने आती है और आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रत्याशी का नामांकन रद्द किया जा सकता है।

आरोपों से सत्येंद्र चेलक ने किया इनकार

अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सत्येंद्र चेलक ने कहा कि चुनाव कमेटी की ओर से उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। उन्होंने पैसे देकर सदस्य बनाने या वोट प्रभावित करने के आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि जवाब देने के बाद चुनाव कमेटी ने उनका नामांकन फिर से अनहोल्ड कर दिया है।

शैलेंद्र बंजारे ने भी दी सफाई

वहीं प्रत्याशी शैलेंद्र बंजारे ने भी चुनाव कमेटी को नोटिस का जवाब देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जवाब प्रस्तुत करने के बाद उनका नामांकन अनहोल्ड कर दिया गया है। हालांकि, कमेटी ने आगे इस तरह की शिकायत आने पर नामांकन रद्द करने की चेतावनी दी है।

युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद के इस चुनाव में अब सबकी नजर आगे की चुनावी प्रक्रिया और प्रत्याशियों के प्रचार अभियान पर टिकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button