सरगुजा में एकलव्य स्कूल की छात्राओं का आक्रोश, 3 महीने से बिजली नहीं मिलने पर उठाया बड़ा कदम

अंबिकापुर :सरगुजा जिले के शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं से नाराज 45 छात्राओं ने सोमवार को प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर खींचने के लिए बड़ा कदम उठाया। हॉस्टल में लंबे समय से बिजली की समस्या, मेस में साफ-सफाई की कमी और विषय शिक्षकों की कमी से परेशान छात्राएं करीब 30 किलोमीटर दूर अंबिकापुर कलेक्टोरेट के लिए पैदल ही निकल पड़ीं।

छात्राओं का यह पैदल मार्च करीब 6 किलोमीटर तक पहुंचा था कि इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को मिली। सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बस भेजकर छात्राओं को कलेक्टोरेट लाया गया।

कलेक्टर से मिलने पर अड़ी छात्राएं

कलेक्टोरेट पहुंचने के बाद छात्राओं ने सीधे कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात करने की मांग की। इसी दौरान थकान और तनाव के कारण एक छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर गई। छात्रा को तत्काल एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया गया।

तीन महीने से बिजली की समस्या का आरोप

छात्राओं ने प्रशासन के सामने अपनी कई समस्याएं रखीं। उनका आरोप है कि हॉस्टल में पिछले तीन महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। इसके चलते उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा छात्राओं ने मेस में साफ-सफाई की स्थिति खराब होने और फिजिक्स व केमिस्ट्री की कक्षाएं नियमित नहीं लगने की शिकायत भी की। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने पहले भी प्राचार्य और विद्यालय प्रबंधन से अपनी समस्याओं को लेकर शिकायत की थी, लेकिन जब समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने खुद प्रशासन तक पहुंचने का फैसला किया।

अधिकारियों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं नहीं मानीं

छात्राओं के पैदल मार्च की सूचना मिलने के बाद आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला बैलकोटा पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को समझाने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिया। शिक्षकों ने भी छात्राओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं किसी अन्य अधिकारी से बातचीत के बजाय कलेक्टर से ही मिलने की मांग पर अड़ी रहीं।

इस दौरान शिक्षकों की ओर से छात्राओं के किसी के बहकावे में आने की बात कही गई। हालांकि छात्राओं ने स्पष्ट किया कि वे बिना किसी दबाव के अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के पास पहुंची हैं।

कलेक्टर ने दिए तत्काल समाधान के निर्देश

कलेक्टोरेट में कलेक्टर अजीत वसंत से बातचीत के बाद छात्राओं को बस के जरिए वापस हॉस्टल भेज दिया गया। कलेक्टर ने छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बिजली व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करने और मेस में साफ-सफाई की व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि बिजली, शिक्षकों की कमी और मेस की साफ-सफाई से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button