विधायक ने हितग्राहियों को सौंपी पक्के मकानों की चाबियां

 बेमेतरा, 22 मई 2026:- शासन की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत चोरभट्टी में भव्य एवं गरिमामय शिविर का आयोजन किया गया। इस वृहद जनसमस्या निवारण एवं हितग्राही मूलक शिविर में चोरभट्टी सहित आसपास की कुल 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे आयोजन में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था और शिविर एक जनकल्याणकारी उत्सव के रूप में नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू उपस्थित रहे। उनके साथ एसडीएम बेमेतरा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।

विभिन्न विभागों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
शिविर में शासन की योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा विकासमूलक स्टॉल लगाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाओं का वितरण किया गया, वहीं कृषि विभाग ने किसानों को उन्नत खेती, बीज एवं योजनाओं की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी गई। राजस्व विभाग ने नामांतरण, सीमांकन एवं अन्य राजस्व संबंधी प्रकरणों पर मार्गदर्शन प्रदान किया, जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने मौके पर कई आवेदनों का निराकरण करते हुए शेष प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली हितग्राहियों की जिंदगी
सुशासन तिहार का सबसे भावुक एवं आकर्षक क्षण वह रहा जब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को उनके नए पक्के मकानों की चाबियां एवं आवास पूर्णता प्रमाण पत्र सौंपे गए। वर्षों से पक्के घर का सपना देख रहे हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।विधायक ने ग्राम चोरभट्टी की हितग्राही श्रीमती उषा यादव एवं श्रीमती रामकली यादव को उनके नए मकान की चाबियां सौंपी। इसी प्रकार ग्राम मटका की हितग्राही इंद्राणी साहू को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, जबकि ग्राम बसनी के हितग्राही भूपेंद्र यादव को उनके सपनों के घर की चाबी भेंट की गई। हितग्राहियों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकेगा।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ यही है कि गरीब, किसान, मजदूर एवं जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर योजनाओं का लाभ मिले और उसकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। एसडीएम बेमेतरा ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर स्थानीय सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं 18 ग्राम पंचायतों से आए सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने शासन की इस पहल को जनहित में अत्यंत उपयोगी बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button