ओपी चौधरी बोले— रायगढ़ को बनाएंगे प्रदेश का विकसित मॉडल शहर, विकास कार्यों को मिली रफ्तार

रायगढ़:  छत्तीसगढ़ शासन के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओपी चौधरी ने 19 मई 2026 को रायगढ़ प्रवास के दौरान नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। वार्ड क्रमांक 28 स्थित नापतोल ऑफिस के पास साहू समाज सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया, वहीं वार्ड क्रमांक 21 स्थित जूदेव बाल उद्यान के जीर्णोद्धार सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ।

वित्त मंत्री चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण उपकार निधि एवं अन्य मदों से लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से पानी निकासी, नाला, सड़क एवं नाली निर्माण कार्य कराए जाएंगे। क्षेत्र में बरसात के दिनों में जल भराव की भारी और विकट समस्या के समाधान के लिए स्टेडियम क्षेत्र से बेलादुला भोला नगर तक 37 लाख रुपए की लागत से नाला निर्माण, विभिन्न स्थानों पर सड़क एवं नाली निर्माण तथा भोलेनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु विशेष अनुदान स्वीकृत की गई है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के विकास को नई गति देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर विकास करना शासन की प्राथमिकता है। सामाजिक भवन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रायगढ़ प्रदेश के प्रमुख विकसित शहरों में शामिल होगा। इस दौरान उन्होंने समाज के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित करते हुए बच्चों को 10-10 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।

साहू समाज के प्रतिनिधि निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू ने कहा कि वित्त मंत्री  चौधरी सभी समाजों को साथ लेकर विकास कार्य कर रहे हैं तथा सामाजिक भवन निर्माण एवं जनहित के कार्यों से समाज को नई पहचान मिल रही है।महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि वित्त मंत्री चौधरी के नेतृत्व में रायगढ़ में लगातार ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। जलभराव, सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।कार्यक्रम में पार्षद अजय मिश्रा ने क्षेत्रवासियों की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।

कार्यक्रम में निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय उपायुक्त सुतीक्ष्ण यादव कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button