“हथेली नहीं, ये तिल बताता है आपकी किस्मत—अमीर बनने का संकेत

हथेली की रेखाओं का हमारे जीवन और भाग्य में बड़ा महत्व माना गया है। हस्तरेखा विज्ञान और समुद्र शास्त्र के अनुसार, केवल रेखाएं ही नहीं, बल्कि हाथ पर मौजूद ‘तिल’ भी हमारे व्यक्तित्व और भविष्य के बारे में बहुत कुछ बताते हैं। अक्सर हम इन तिल को सामान्य मानकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन ज्योतिष शास्त्र की मानें तो हथेली की खास जगहों पर तिल का होना राजयोग का संकेत हो सकता है।
धन और समृद्धि का संकेत
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, अगर आपकी हथेली में गुरु पर्वत पर तिल है, तो यह सुख-समृद्धि का प्रतीक है। ऐसे लोग प्रशासनिक कामों में सफल होते हैं और समाज में मान-सम्मान पाते हैं। वहीं, शनि पर्वत यानी मध्यमा उंगली के नीचे का हिस्सा पर तिल होने का मतलब है कि व्यक्ति बहुत मेहनती होगा और अपनी मेहनत के दम पर खूब नाम और यश कमाएगा।
भाग्यशाली होता है बंद मुट्ठी का तिल
अगर तिल आपकी मुट्ठी के अंदर आता है, तो वह बहुत शुभ होता है। समुद्र शास्त्र कहता है कि अगर किसी व्यक्ति की हथेली के बीचों-बीच पर तिल हो और मुट्ठी बंद करने पर वह अंदर छिप जाए, तो समझ लीजिए कि उस व्यक्ति की किस्मत में खूब धन कमाना लिखा है। ऐसे लोग आर्थिक रूप से काफी मजबूत होते हैं और उन्हें अचानक धन लाभ होने की संभावनाएं अधिक रहती हैं।
शुक्र पर्वत
अंगूठे के नीचे वाले हिस्से को शुक्र पर्वत कहा जाता है। यहां तिल का होना व्यक्ति के जीवन में सुख-सुविधाओं को दिखाता है। हालांकि, यहां तिल होने पर व्यक्ति को अपने खर्चों पर नियंत्रण रखने की सलाह दी जाती है, क्योंकि पैसा आने के साथ-साथ खर्च भी तेजी से होता है।
सावधानी भी है जरूरी
हर तिल शुभ ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है। हथेली के कुछ हिस्सों पर तिल संघर्ष का संकेत भी देते हैं। उदाहरण के लिए, अगर तिल जीवन रेखा पर हो, तो यह सेहत से जुड़े उतार-चढ़ाव की ओर इशारा करता है। वहीं, अनामिका उंगली के नीचे सूर्य पर्वत पर तिल होने से व्यक्ति को सरकारी कामों या सामाजिक प्रतिष्ठा में बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है।







