“सड़क में समझौता नहीं”: कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने खुद मापी मोटाई, बारिश से पहले काम पूरा करने का अल्टीमेटम

राजनांदगांव :जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता को लेकर कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में उन्होंने ग्राम मासूम पहुंचकर पटेवा से पेंड्री तक निर्माणाधीन सड़क का स्थल निरीक्षण किया और मौके पर ही सड़क की मोटाई मापकर गुणवत्ता का परीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में स्वीकृत एवं निर्माणाधीन सभी सड़कों को बारिश के पूर्व हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने निर्माण कार्य की प्रगति, उपयोग में लाई जा रही सामग्री, लेयरिंग प्रक्रिया और डामरीकरण की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने तकनीकी परीक्षण नियमित रूप से कराने और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के किनारों (सोल्डर) को मजबूत और टिकाऊ बनाने पर विशेष जोर दिया, ताकि सड़क लंबे समय तक उपयोगी बनी रहे।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इसके तहत उचित बैरिकेटिंग, चेतावनी संकेत (साइनेज बोर्ड) और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम लोगों और श्रमिकों की सुरक्षा बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। ग्रामीणों ने बताया कि नई सड़क बनने से उन्हें स्कूल, बाजार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी, खासकर बारिश के मौसम में जो दिक्कतें होती थीं, उनसे राहत मिलेगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कलेक्टर ने किसानों को प्रधानमंत्री आशा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 15 समितियों के माध्यम से दलहन एवं तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। उन्होंने किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने और समय पर पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।निरीक्षण के दौरान पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता पद्मसंभव मिश्रा, सहायक अभियंता सुशील सावरकर, उप अभियंता निधि दवे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्माणाधीन सड़कों का नियमित निरीक्षण करने और गुणवत्ता व समय-सीमा के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button