साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: दंतेवाड़ा पुलिस की कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार, लाखों की ठगी का पर्दाफाश

बचेली : जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर फ्रॉड के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की ठगी का खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना बचेली की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर झारखंड और बिहार तक जांच का दायरा बढ़ाया गया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी द्वारा मोबाइल नंबर के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर “टास्क पूरा करने पर पैसे डबल” करने का लालच दिया जाता था। इस तरह आरोपी ने 15 मार्च 2025 से 18 जून 2025 के बीच कुल 7,91,547 रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार सिंह (उम्र 51 वर्ष), निवासी बोकारो (झारखंड) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 111(1)(3) बीएनएस एवं 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
तकनीकी साक्ष्यों, फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई गई। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा समेत विभिन्न राज्यों में करीब 16 मामले दर्ज हैं।दंतेवाड़ा पुलिस लगातार आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक कर रही है। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सावधान रहें और ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सोहन ठाकुर, आरक्षक मिथलेश पुजारी एवं गजेंद्र ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button