पराली जलाने गई महिला की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत

बलौदाबाजार :  छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ खेत में जलाई जा रही पराली (धान का अवशेष) एक महिला के लिए काल बन गई।कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम सेल और कसडोल के बीच स्थित एक खेत में रविवार सुबह 50 वर्षीय महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर पराली जलाने से होने वाले जानलेवा खतरों को उजागर कर दिया है।

मृतका की पहचान प्रभा साहू (50 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रभा रविवार सुबह करीब 9 बजे अपने खेत में मवेशियों के लिए चारा (पैरा) लेने गई थीं। उसी समय आसपास के खेतों में पराली जलाई जा रही थी, जिससे वातावरण में घना और दमघोंटू धुआं छाया हुआ था।आशंका जताई जा रही है कि इसी धुएं की चपेट में आने से प्रभा का दम घुटा और वे बेहोश होकर खेत में ही गिर पड़ीं।जैसे ही प्रभा बेहोश होकर गिरीं, तभी तेज हवाओं के कारण पराली की आग तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें उस स्थान तक पहुँच गईं जहाँ प्रभा अचेत अवस्था में पड़ी थीं।बेहोश होने के कारण वे खुद को बचाने में असमर्थ रहीं और देखते ही देखते आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के काफी देर बाद जब वहां से गुजर रहे राहगीरों ने खेत में आग और अधजला शव देखा, तब परिजनों को सूचना दी गई।करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुँचे परिवार वालों का बुरा हाल था। घटना की खबर फैलते ही सेल और कसडोल गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश और दुख है कि पराली जलाने की लापरवाही ने एक मासूम जान ले ली।कसडोल पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button