लोन नहीं पटाने पर होटल और ज्वेलरी शॉप सील:अंबिकापुर जिला प्रशासन और सेंट्रल बैंक की कार्रवाई

अंबिकापुर  : अंबिकापुर के गुदरी चौक में संचालित हरिओम ज्वेलरी शॉप और होटल माउंटेन को सेंट्रल बैंक और प्रशासनिक अमले ने सील कर दिया है। यह कार्रवाई व्यवसायी के लोन अमाउंट नहीं पटाने के कारण की गई है। बैंक के लोन का अमाउंट बढ़कर तीन करोड़ रुपए हो गया है। सेटलमेंट ऑफर के बाद भी व्यवसायी ने लोन अमाउंट जमा नहीं किया। जानकारी के मुताबिक, गुदरी चौक में स्थित हरिओम ज्वेलर्स के संचालक राजेश सोनी ने साल 2019 में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से होटल निर्माण और व्यवसाय के लिए लोन लिया था। कोविड काल के दौरान ज्वेलरी शॉप और होटल संचालक ने बैंक के किश्त का भुगतान नहीं किया। वर्तमान में लोन अमाउंट बढ़कर 3 करोड़ रुपए हो गया था। इसके बाद व्यवसायी ने लोन सेटलमेंट के लिए बैंक में आवेदन दिया था।

बैंक अधिकारियों ने बताया कि, व्यवसायी को लोन अमाउंट सेटलमेंट करते हुए डेढ़ करोड़ रुपए जमा करने का मौका दिया गया था। व्यवसायी ने इसके बाद भी राशि जमा नहीं की। बैंक कर्मी जब ऋण राशि की वसूली के लिए पहुंचते थे तो संचालक नहीं मिलते थे। इस कारण बैंक ने जिला प्रशासन को अवगत कराते हुए धारा 13(2) की कार्रवाई शुरू की और संचालक को नोटिस जारी किया था। बुधवार को नायब तहसीलदार अंबिकापुर जयेंद्र सिंह के साथ सेंट्रल बैंक के अधिकारी एवं राजस्व अमला, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। अमले ने होटल माउंटेन और हरिओम ज्वेलरी शॉप को खाली कराते हुए दोनों संस्थानों को सील कर दिया है। व्यवसायी ने 10 दिनों का अतिरिक्त समय भी मांगा, लेकिन बैंक अधिकारियों ने इससे इनकार कर दिया। संचालक ने बैंक लोन लेकर 6 डिसमिल जमीन में तीन मंजिला होटल का निर्माण कराया है। अब बैंक राजसात की कार्रवाई कर ऋण राशि की वसूली करेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button