रायगढ़ में जमीन के नीचे दबाकर रखी थी शराब, पुलिस ने महिला समेत दो को पकड़ा

रायगढ़ : जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम महापल्ली नवामुड़ा और लोईंग में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर एक महिला सहित दो लोगों को अवैध शराब के साथ पकड़ा है। दोनों कार्रवाई में पुलिस ने 8 लीटर महुआ शराब के अलावा ओडिशा ब्रांड की अंग्रेजी शराब, देशी शराब और बीयर जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
घर के आंगन में छिपाकर रखी थी 8 लीटर महुआ शराब
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत 25 नवंबर को चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को ग्राम महापल्ली नवामुड़ा में अवैध महुआ शराब बिक्री की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कल्पना उरांव (31 वर्ष) के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के आंगन में दीवार के किनारे बोरी से ढंकी 10 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक की जरीकेन मिली। इसमें करीब 8 लीटर महुआ शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब की कीमत लगभग 1,600 रुपये आंकी है।
पुलिस ने शराब जब्त कर महिला के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।
जमीन में गाड़कर छिपाई थी ओडिशा ब्रांड की शराब और बीयर
इसी दिन पुलिस ने ग्राम लोईंग में दूसरी कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंद्रशेखर उर्फ सोनू सतनामी (23 वर्ष) अपने घर की बाड़ी में अवैध शराब छिपाकर बेच रहा है।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शुरुआत में आरोपी ने शराब रखने और बिक्री करने से इनकार किया। हालांकि, पूछताछ के बाद उसने घर के पीछे बाड़ी में जमीन के अंदर दबाकर रखा बोरा निकालकर पुलिस को सौंप दिया।
बोरे की तलाशी लेने पर ओडिशा ब्रांड की 180 एमएल वाली 9 पाव अंग्रेजी शराब, देशी शराब की 10 पाव शीशियां और 12 नग बीयर बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक जब्त शराब और बीयर की कुल मात्रा 9.420 बल्क लीटर तथा कीमत करीब 4,400 रुपये है।
पुलिस ने शराब जब्त कर चंद्रशेखर उर्फ सोनू सतनामी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
दोनों कार्रवाई में प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी, महिला प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, आरक्षक संदीप कौशिक, मिनकेतन पटेल और चन्द्र कुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।







