कोयला लेवी घोटाला: IAS जयप्रकाश मौर्य ने अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में लगाई याचिका, न्यायालय ने शासन से मांगा जवाब

बिलासपुर :  छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी जयप्रकाश मौर्य की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की ओर से पेश छठे पूरक चालान में नाम शामिल किए जाने के बाद अधिकारी ने अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने शासन से जवाब मांगा है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले की जांच लंबे समय से जारी है। इस घोटाले में पूर्व कलेक्टर रानू साहू, कारोबारी सूर्यकांत तिवारी और पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी समेत कई लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। अब इस मामले की जांच की आंच तत्कालीन खनिज संचालक रहे IAS अधिकारी जयप्रकाश मौर्य तक पहुंच गई है।

जांच एजेंसी ने 5 अक्टूबर 2026 को विशेष अदालत में पेश किए गए छठे पूरक चालान में जयप्रकाश मौर्य का नाम शामिल किया है। एजेंसी का आरोप है कि जब्त डायरियों में दर्ज कथित लेनदेन के अनुसार, मौर्य ने घोटाले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से करीब एक करोड़ रुपये नगद प्राप्त किए थे।

कोयला परिवहन में अवैध वसूली का आरोप

जांच एजेंसी के मुताबिक, कोयला परिवहन पर 25 रुपये प्रति टन और आयरन पैलेट के परिवहन पर 100 रुपये प्रति टन की दर से अवैध वसूली की व्यवस्था बनाई गई थी। आरोप है कि इस व्यवस्था को लागू कराने और संचालित करने में जयप्रकाश मौर्य की भूमिका रही।

इसके अलावा जुलाई 2020 में ऑनलाइन ई-परमिट जारी करने से पहले जिला खनिज अधिकारी की मंजूरी अनिवार्य करने और जनवरी 2022 में ट्रांजिट पास व्यवस्था लागू करने के फैसले भी जांच के दायरे में हैं। फिलहाल, अग्रिम जमानत याचिका पर हाईकोर्ट के रुख और शासन के जवाब का इंतजार है। मामले में जांच एजेंसी के आरोपों पर अंतिम न्यायिक फैसला आना अभी बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button