बेमेतरा में करंट से युवक की मौत पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 6% ब्याज के साथ मिलेगा मुआवजा

बिलासपुर :  खेत में टूटे बिजली सर्विस तार की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बिजली कंपनी की जिम्मेदारी तय करते हुए उसकी अपील खारिज कर दी है। कोर्ट ने जिला न्यायालय के उस आदेश को बरकरार रखा है, जिसमें मृतक के माता-पिता को 15 लाख 21 हजार 344 रुपये मुआवजा और इस राशि पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का निर्देश दिया गया था।

जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि बिजली कंपनी की जिम्मेदारी केवल उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने तक सीमित नहीं है। बिजली के तारों का नियमित निरीक्षण, रखरखाव और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी कंपनी का दायित्व है। कंपनी केवल कनेक्शन देकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।

मवेशियों को भगाने खेत गया था युवक, टूटे तार की चपेट में आया

यह मामला बेमेतरा जिले के पेंड्री गांव का है। गांव निवासी उदल चतुर्वेदी और जयकुमारी के 18 वर्षीय बेटे भानुप्रताप की 20 नवंबर 2022 को खेत में करंट लगने से मौत हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन सुबह करीब 9 बजे भानुप्रताप अपने बड़े भाई कृपादयाल के साथ खेत देखने गया था। इसी दौरान खेत में घुसे मवेशियों को भगाने की कोशिश में वह सिंचाई के लिए लगाए गए तीन हॉर्स पावर के ट्यूबवेल कनेक्शन के टूटे सर्विस तार की चपेट में आ गया। बिजली का करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जिला न्यायालय ने 15.21 लाख रुपये मुआवजे का दिया था आदेश

बेटे की मौत के बाद माता-पिता ने बिजली कंपनी के कार्यपालन अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ बेमेतरा के प्रथम जिला न्यायाधीश के न्यायालय में मुआवजे का दावा पेश किया था।

मामले की सुनवाई के बाद जिला न्यायालय ने 19 नवंबर 2024 को बिजली विभाग की लापरवाही मानते हुए पीड़ित परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया। अदालत ने मृतक के माता-पिता को 15 लाख 21 हजार 344 रुपये मुआवजा और उस पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया था।

हाईकोर्ट ने खारिज की बिजली कंपनी की अपील

जिला न्यायालय के फैसले को चुनौती देते हुए बिजली कंपनी ने हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच ने बिजली आपूर्ति करने वाली कंपनी की जिम्मेदारी और जनसुरक्षा से जुड़े दायित्वों पर जोर दिया।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिजली जैसी खतरनाक वस्तु की आपूर्ति करने वाले विभाग को अपने बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना होगा। लापरवाही के कारण किसी की जान जाने पर कंपनी अपनी जिम्मेदारी से इनकार नहीं कर सकती।

इसी आधार पर हाईकोर्ट ने बिजली कंपनी की अपील खारिज करते हुए जिला न्यायालय के मुआवजे संबंधी आदेश को बरकरार रखा। इससे मृतक के माता-पिता को 15.21 लाख रुपये से अधिक मुआवजे के साथ 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button