नवंबर का आखिरी प्रदोष व्रत कब रखा जाएगा? नोट कर लें सही डेट और पूजा का शुभ मुहूर्त

हिंदू धर्म में प्रदोष का व्रत विशेष महत्व रखता है। हर महीने के कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को यह व्रत रखा जाता है। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा का विधान है। प्रदोष का व्रत सप्ताह के जिस दिन पड़ता है उसका नाम उसी वार के अनुसार रखा जाता है। नवंबर का आखिरी प्रदोष व्रत रविवार के दिन पड़ रहा है, इसलिए इसे रवि प्रदोष कहा जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रवि प्रदोष व्रत रखने से भगवान शिव के साथ-साथ सूर्य देव का भी आशीर्वाद प्राप्त होता है। रवि प्रदोष का व्रत करने से व्यक्ति को अच्छी सेहत, लंबी आयु और मान-सम्मान की प्राप्ति होती है। तो आइए जानते हैं कि नवंबर 2026 का आखिरी प्रदोष यानी रवि प्रदोष का व्रत कब रखा जाएगा।
नवंबर 2026 का आखिरी प्रदोष व्रत कब है?
पंचांग के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि का आरंभ 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर होगा। त्रयोदशी तिथि का समापन 23 नवंबर को मध्यरात्रि 2 बजकर 36 मिनट पर होगा। नवंबर का आखिरी प्रदोष व्रत 22 नवंबर 2026 को रखा जाएगा।
रवि प्रदोष पूजा मुहूर्त 2026
प्रदोष व्रत की पूजा के लिए प्रदोष काल का मुहूर्त सबसे उत्तम माना जाता है। रवि प्रदोष की पूजा के लिए शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से रात 8 बजकर 6 मिनट तक रहेगा। वहीं इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 2 मिनट से सुबह 5 बजकर 56 मिनट तक रहेगा। अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा।
रवि प्रदोष व्रत पूजा विधि
प्रदोष व्रत के दिन सुबह उठकर स्नान आदि करें और साफ-सुथरे कपड़े पहनें। इसके बाद हाथ में जल और फूल लेकर भगवान शिव के सामने व्रत का संकल्प लें।
रवि प्रदोष व्रत के दिन सुबह के समय तांबे के लोटे से सूर्य देव को जल जरूर अर्पित करें।
इसके बाद भगवान शिव की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करें।
शाम को प्रदोष काल के शुभ मुहूर्त में दोबारा हाथ-पैर धोकर शिव मंदिर जाएं या घर के मंदिर में पूजा की तैयारी करें।
शिवलिंग का गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक करें।
इसके बाद शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, शमी के पत्ते, सफेद फूल, अक्षत और चंदन अर्पित करें।
घी का दीपक जलाकर ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करें
रवि प्रदोष व्रत की कथा पढ़ें और अंत में भगवान शिव व माता पार्वती की आरती करें।







