रायपुर में टैक्स बकायादारों को निगम की चेतावनी, रकम नहीं भरी तो होगी सार्वजनिक नीलामी

रायपुर :  राजधानी रायपुर में बकाया संपत्तिकर की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। टाटीबंध क्षेत्र में स्थित एक अचल संपत्ति पर 10 लाख 5 हजार 228 रुपये का संपत्तिकर बकाया होने पर नगर निगम ने कुर्की वारंट जारी किया है। यह बकाया वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2026-27 तक का है।

नगर निगम की ओर से जारी वारंट के अनुसार, संपत्ति वार्ड क्रमांक 02, पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड के नहर रोड, रिंग रोड नंबर-2, टाटीबंध में स्थित है। संपत्ति की आईडी क्रमांक RPR801S0160A है। यह वारंट संतोषी देवी और सुभाषचंद के नाम जारी किया गया है।

नोटिस के बाद भी जमा नहीं हुआ टैक्स

नगर निगम के मुताबिक, बकाया संपत्तिकर की वसूली के लिए छत्तीसगढ़ नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 की धारा 173 एवं 174(1) के तहत मांग सूचना जारी कर विधिवत तामील कराई गई थी। इसके बावजूद नोटिस मिलने के बाद निर्धारित 30 दिनों की अवधि बीत जाने पर भी बकाया राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद निगम ने अधिनियम की धारा 175(d) के तहत कुर्की वारंट जारी करते हुए संबंधित अचल संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की है।

बिक्री और हस्तांतरण पर रोक

कुर्की आदेश में संबंधित पक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे कुर्क की गई संपत्ति का विक्रय, हस्तांतरण या उस पर किसी प्रकार का आर्थिक भार सृजित न करें। आदेश की मुनादी कराई जाएगी और इसकी सूचना संपत्ति सहित नगर निगम कार्यालय के सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा की जाएगी।

नगर निगम ने चेतावनी दी है कि यदि बकाया संपत्तिकर और वसूली से संबंधित खर्च जमा नहीं किए जाते हैं, तो अधिनियम की धारा 179(2) के तहत आयुक्त के आदेश पर संपत्ति की सार्वजनिक नीलामी की कार्रवाई भी की जा सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button