रायपुर के बाजार में बिकने वाला था 1500 किलो संदिग्ध पनीर? खाद्य विभाग ने लिए सैंपल

खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ के बाजारों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से रायपुर पहुंचाई जा रही 1500 किलो संदिग्ध पनीर की खेप खैरागढ़ जिले में पकड़ी गई है। साल्हेवारा चेकपोस्ट पर पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की तो उसमें 30 कार्टून पनीर भरा मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में पनीर के एनालॉग होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी वास्तविक गुणवत्ता का खुलासा प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
चेकपोस्ट पर पुलिस ने रोकी भोपाल से आ रही पिकअप
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने चेकपोस्ट पर पुलिस की नियमित वाहन जांच चल रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप क्रमांक MP 04 WC 8384 को संदेह के आधार पर रोका गया।
पूछताछ में वाहन चालक शिशुपाल ने बताया कि पिकअप में पनीर भरा हुआ है, जिसे भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी और वाहन को जिला मुख्यालय लाकर जांच कराई।
30 कार्टून में मिला 1500 किलो पनीर
वाहन की तलाशी के दौरान 50-50 किलो के कुल 30 कार्टून बरामद किए गए। इस तरह वाहन में करीब 1500 किलो पनीर भरा हुआ था। चालक के अनुसार, इस खेप की डिलीवरी रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान पर की जानी थी।
जांच के दौरान चालक पनीर की शुद्धता और गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर के नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की।
खाद्य विभाग को एनालॉग पनीर होने का संदेह
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे के मुताबिक, जांच के दौरान पनीर की शुद्धता से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले। शुरुआती निरीक्षण में यह एनालॉग पनीर प्रतीत हो रहा है। विभाग ने इसके विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की वास्तविक गुणवत्ता और प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लैब रिपोर्ट पर टिकी नजरें, उठे कई सवाल
भोपाल से रायपुर तक पहुंचाई जा रही 1500 किलो पनीर की खेप पकड़े जाने के बाद खाद्य सामग्री की अंतरराज्यीय आपूर्ति और गुणवत्ता जांच को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इतनी बड़ी मात्रा में पनीर का परिवहन किया जा रहा था, लेकिन चालक के पास उसकी गुणवत्ता से जुड़े दस्तावेज नहीं थे।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब्त पनीर वास्तव में सामान्य पनीर था या एनालॉग उत्पाद? क्या खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था? फिलहाल इन सवालों का जवाब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगा।







