क्या एक ही समय पर हुआ था प्रभु श्री राम और हनुमान जी का जन्म? पढ़ें ग्रंथों में वर्णित यह दिव्य प्रसंग

 रामायण हमारे प्राचीन ग्रंथों में से एक है जिसमें कई अद्भुत कथाओं का वर्णन मिलता है। जहां एक तरफ प्रभु श्री राम की गाथाओं से रामायण की कथाएं शुरू और समाप्त होती हैं, वहीं हनुमान जी की भक्ति का भी एक अद्भुत स्वरूप दिखाई देता है। श्री राम को विष्णु जी का स्वरूप माना जाता है, वहीं हनुमान जी को भगवान शिव के अवतार के रूप में पूजा जाता है।

रामायण में प्रभु श्रीराम और हनुमान जी का रिश्ता भक्ति, समर्पण और निस्वार्थ सेवा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करता है। हनुमान जी को प्रभु श्रीराम का परम भक्त माना जाता है और उन्होंने माता सीता की खोज में उनका पूरा साथ निभाया।

उनकी अनोखी भक्ति के बारे में तो सभी जानते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं एक अद्भुत प्रसंग के बारे में जिसमें बताया गया है कि प्रभु श्री राम और हनुमान जी का जन्म एक ही समय पर हुआ था। आइए आपको बताते हैं इस अनोखी कहानी के बारे में।

कैसे हुआ था हनुमान जी का जन्म?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, हनुमान जी का जन्म प्रभु श्री राम के जन्म के समय ही हुआ था। इसी वजह से दोनों की कथाएं शुरुआत से ही आपस में संबंध रखती हैं। जिस समय भगवान राम के पिता राजा दशरथ संतान प्राप्ति की कामना से देवी-देवताओं की आराधना कर रहे थे। उसी समय हनुमान जी की माता अंजना भी संतान प्राप्ति की इच्छा में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर रही थीं।

राजा दशरथ की प्रार्थना से प्रसन्न होकर देवताओं ने उन्हें दिव्य खीर प्रदान की, जिसे उन्होंने अपनी तीनों रानियों में बांट दिया। इसी दिव्य प्रसाद के प्रभाव से कुछ समय बाद तीनों रानियों को संतान की प्राप्ति हुई और भगवान राम के साथ उनके भाइयों का जन्म हुआ।

दूसरी ओर, माता अंजना की भक्ति से प्रसन्न होकर देवताओं ने पवन देव को एक विशेष कार्य सौंपा। जब दिव्य खीर का एक हिस्सा आकाश में उड़ता हुआ जा रहा था, तब पवन देव उसे लेकर माता अंजना के पास पहुंचे। उन्होंने खीर का एक हिस्सा माता अंजना को दे दिया। माता अंजना ने उसे ग्रहण किया और इसी दिव्य प्रसाद के प्रभाव से माता अंजना ने एक पुत्र को जन्म दिया, जिनका नाम आगे चलकर हनुमान रखा गया।

क्या श्रीराम और हनुमान जी का जन्म एक ही समय हुआ था?पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जन्म का संबंध राजा दशरथ के पुत्रेष्टि यज्ञ से जुड़ा हुआ है। दरअसल, अयोध्या के राजा दशरथ संतान प्राप्ति की इच्छा से चिंतित थे। इसके लिए उन्होंने महर्षि ऋष्यशृंग के मार्गदर्शन में पुत्रेष्टि यज्ञ करवाया था।

यज्ञ से प्रसन्न होकर अग्निदेव प्रकट हुए और उन्होंने राजा दशरथ को दिव्य खीर प्रदान की और उसी खीर का हिस्सा माता अंजना के पास भी पहुंचा जिसके कारण जिस समय राजा दशरथ की तीनों रानियों कौशल्या, कैकेयी और सुमित्रा ने भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न को जन्म दिया ठीक उसी समय माता अंजना के घर हनुमान जी का भी जन्म हुआ।

हालांकि, अगर हम वाल्मीकि रामायण की बात करते हैं, तो प्रभु श्री राम और हनुमान जी के जन्म के समय के एक होने के बारे में कोई वर्णन नहीं मिलता है। वहीं आनंद रामायण की कथाओं में दोनों का जन्म समय एक ही बताया गया है। यह प्रसंग आनंद रामायण के पहले खंड ‘सारकाण्ड’ के प्रथम सर्ग में मिलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button