साल 2026 की आखिरी पूर्णिमा कब मनाई जाएगी? जानें मार्गशीर्ष पूर्णिमा की तारीख और स्नान-दान का मुहूर्त

हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष पूर्णिमा अत्यंत पुण्यदायिनी मानी जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन व्रत, दान, जप, स्नान एवं तप करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण स्वयं कहते हैं – ‘मासानां मार्गशीर्षोऽहम्’, अर्थात् ‘मैं मासों में मार्गशीर्ष हूँ।’ भगवान श्रीकृष्ण का यह कथन मार्गशीर्ष माह के आध्यात्मिक महत्त्व को प्रमाणित करता है। नारदपुराण एवं स्कन्दपुराण के अनुसार, मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान, ब्राह्मणों को अन्न, वस्त्र, स्वर्ण, तिल, गौ आदि का दान करने से कई गुना अधिक पुण्य फल मिलते हैं।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा को पितृ तर्पण आदि कर्मों हेतु भी श्रेष्ठ माना गया है। महाभारत एवं विष्णु धर्मसूत्र के अनुसार इस दिन का श्राद्ध एवं पिंडदान करने से पितृलोक में वास कर रहे पितरों को विशेष संतुष्टि प्राप्त होती है और पितरों का आशीर्वाद मिलता है। तो आइए जानते हैं कि साल 2026 की आखिरी पूर्णिमा यानी मार्गशीर्ष पूर्णिमा कब मनाई जाएगी और स्नान-दान का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा 2026 की तारीख
पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि का प्रारंभ 23 दिसंबर को सुबह 10 बजकर 47 मिनट पर होगा। पूर्णिमा तिथि का समापन 24 दिसंबर को सुबह 6 बजकर 57 मिनट पर होगा। मार्गशीर्ष पूर्णिमा 23 दिसंबर 2026 को मनाई जाएगी।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा 2026 स्नान-दान मुहूर्त
पूर्णिमा के दिन स्नान-दान के लिए ब्रह्म और अभिजित मुहूर्त को सबसे उत्तम और फलदायी माना जाता है। 23 दिसंबर 2026 को ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 21 मिनट से सुबह 6 बजकर 16 मिनट तक रहेगा। प्रातः संध्या मुहूर्त सुबह 5 बजकर 48 मिनट से सुबह 7 बजकर 11 मिनट तक रहेगा। मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दिन अभिजित मुहूर्त कोई नहीं रहेगा।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा 2026 चंद्रोदय का समय
मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दिन यानी 23 दिसंबर 2026 को चंद्रोदय शाम 4 बजकर 41 मिनट पर होगा। आपको बता दें कि जो श्रद्धालु पूर्णिमा का व्रत रखते हैं वो चंद्रमा के दर्शन और अर्घ्य देने के बाद ही पारण करते हैं। मार्गशीर्ष पूर्णिमा का व्रत और स्नान-दान दोनों ही 23 दिसंबर 2026 को किया जाएगा।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा का महत्व
मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दिन व्रत रखकर भगवान सत्यानारायण की पूजा करने औ कथा सुनने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। वहीं अगर संभव हो तो पूर्णिमा के दिन गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान करें। ऐसा करने से व्यक्ति को अपने सभी पापों से छुटकारा मिलता है। अगर तीर्थ स्थल पर गंगा स्नान करना संभव नहीं है तो घर पर ही नहाने वाले पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें। ऐसा करने से भी गंगा स्नान जितना फल मिलता है। इसके अलावा मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दिन चंद्र देव की पूजा का भी विधान है। अगर किसी जातक की कुंडली में चंद्र कमजोर है तो वो पूर्णिमा के दिन चंद्र देव की पूजा करें और मंत्रों जा जाप करें। इसके अलावा सफेद चीजों का दान करें। ऐसा करने से चंद्र देव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।







