जेल की दीवार फांदकर फरार हुए चार कैदी, तीन नशे के कारोबार से जुड़े तो एक चोरी का है आरोपी…

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से चार कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 4 बजे चार कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले। फरार कैदियों में तीन एनडीपीएस एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक चोरी के मामले में बंद था। घटना की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने की है।

जानकारी के मुताबिक, फरार हुए कैदियों की पहचान धरमवीर, लीलाधर, राजेन्द्र और पंचराम के रूप में हुई है। इनमें धरमवीर, लीलाधर और राजेन्द्र पर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े होने के आरोप में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं, पंचराम चोरी के आरोप में जेल में बंद था।

बताया जा रहा है कि पांच कैदियों ने जेल से भागने की योजना बनाई थी। इनमें से चार कैदी दीवार फांदकर भागने में सफल रहे, जबकि पांचवां कैदी दीवार पार करने की कोशिश में नीचे गिर गया। जेल प्रबंधन ने उसे पकड़कर वापस हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैदियों ने जेल में उपलब्ध कंबलों का इस्तेमाल कर दीवार फांदने का रास्ता बनाया।

घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुट गई हैं। जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

2021 में भी जेल से फरार हुए थे पांच कैदी

महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी पांच कैदी दिनदहाड़े जेल की ऊंची दीवार फांदकर भाग गए थे। फरार कैदियों में एक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के निवासी थे।

उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित किया था। निलंबित कर्मचारियों में मुख्य प्रहरी भी शामिल था। अब एक बार फिर जेल से कैदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button