स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की बड़ी उपलब्धि, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के दो केंद्र राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण और जनसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जिले की दो स्वास्थ्य संस्थाओं, विकासखंड पेण्ड्रा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आमाडांड एवं विकासखंड मरवाही के उप स्वास्थ्य केंद्र परासी को भारत सरकार के राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के अंतर्गत निर्धारित गुणवत्ता मापदंडों पर खरा उतरने के फलस्वरूप प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर सुधार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग तथा स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर प्रबंधन जैसे विभिन्न मापदंडों का मूल्यांकन किया जाता है। इन मानकों पर खरा उतरते हुए दोनों स्वास्थ्य संस्थाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त किया है।

कलेक्टर विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में सुविधाओं के विस्तार, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा मरीजों को सुरक्षित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का सकारात्मक परिणाम है कि जिले की दो स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने इस उपलब्धि को जिले के स्वास्थ्य विभाग के लिए गौरव का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर कार्यप्रणाली का परिणाम है।इस उपलब्धि में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री विभा टोप्पो एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का समन्वय, सतत निगरानी और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button