दिनदहाड़े महिला से लूटपाट: घर में घुसकर लाखों के जेवरात और नगद ले उड़े दो बदमाश, SP ने गठित की जांच टीम

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूटने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जांच के लिए आठ सदस्यीय विशेष टीम गठित की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के नेतृत्व में गठित इस टीम को आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

घर में अकेली महिला को बनाया निशाना

घटना अमरैया पारा वार्ड क्रमांक 23 की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गमछे से चेहरा ढके दो युवक घर में घुस गए। उस समय महिला घर में अकेली थी। बताया जा रहा है कि छत की ओर से आहट सुनकर जब महिला बाहर निकली, तो उसे सामने दो नकाबपोश युवक दिखाई दिए।

मारपीट कर अलमारी से निकाले जेवर और नकदी

आरोप है कि दोनों बदमाश महिला को जबरन कमरे के अंदर ले गए और अलमारी की चाबी मांगने लगे। महिला के पास चाबी नहीं होने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपये नकद लेकर दोनों मौके से फरार हो गए। बताया गया है कि आरोपी साइकिल से भागे।

आठ अधिकारियों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम में नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतरूपा तारम, जांजगीर थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे, बलौदा थाना प्रभारी मनोहर लाल सिन्हा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा और पुलिस सहायता केंद्र करही के सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद बघेल को शामिल किया गया है।

दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है। फिलहाल वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button