सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद खुलने लगी नेटवर्क की परतें, CBI ने 6 राज्यों में दी दबिश

रायपुर : महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। एप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने पिछले कुछ दिनों में 6 राज्यों में पैनल ऑपरेटरों से जुड़े 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। CBI के मुताबिक, इन ठिकानों पर लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें मौके पर बंद करा दिया गया।

छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि सट्टेबाजी के पैसों के लेन-देन के लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों यानी म्यूल अकाउंट्स और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था।

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच में तेजी

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाए जाने के बाद CBI ने 1 नवंबर को गिरफ्तार किया था। रायपुर के विशेष न्यायाधीश (CBI मामले) ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने पर 12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पूछताछ में पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क की जानकारी

CBI के अनुसार, पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने महादेव ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के काम करने के तरीके और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी दी। जांच एजेंसी ने इस दौरान जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उससे सवाल-जवाब किए।

छापेमारी में मिले उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एजेंसी ने जिन स्थानों पर लाइव सट्टेबाजी के पैनल चलते पाए, उन्हें बंद करा दिया है।

कैसे काम करता था महादेव सट्टा नेटवर्क?

CBI की अब तक की जांच के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक प्लेटफॉर्म विदेश में स्थित एक मुख्य कार्यालय के जरिए संचालित किया जाता था। भारत में इसका संचालन पैनल ऑपरेटरों के बड़े नेटवर्क के माध्यम से होता था।

जांच एजेंसी के मुताबिक, पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते थे और सट्टेबाजी से जुड़ी रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराते थे, जो कथित तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए थे या किराये पर लिए गए थे। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से मुनाफे की रकम विदेश भेजे जाने की बात जांच में सामने आई है।

दो FIR दर्ज, अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से मामला मिलने के बाद CBI ने महादेव ऑनलाइन बुक के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

इसमें विदेश में मौजूद आरोपी, नेटवर्क के संचालन में मदद करने वाले लोग और कथित तौर पर जुड़े सरकारी अधिकारी भी जांच के दायरे में हैं। इसके अलावा फरार आरोपियों को भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button