Dongargarh News: श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले 3 युवकों पर पुलिस का एक्शन

डोंगरगढ़ : शारदीय नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क है। मंदिर और प्रमुख पदयात्री मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक चलाकर और तेज हॉर्न बजाकर श्रद्धालुओं को परेशान करने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। तीनों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान नुकेश यादव (22), आकाश ठाकुर (19) और हरपीत पटेल एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज रफ्तार से वाहन चलाते और तेज हॉर्न बजाते हुए श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे थे।

 समझाइश देने पर करने लगे विवाद

पुलिस के अनुसार, श्रद्धालुओं ने जब युवकों को ऐसा करने से मना किया तो वे विवाद करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि तीनों आक्रोशित हो गए और मारपीट पर उतारू हो गए। इससे मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई की जद में आए युवकों में नुकेश यादव और आकाश ठाकुर निवासी आरी तथा हरपीत पटेल निवासी झिटिया, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव शामिल हैं।

 नवरात्रि में 1200 जवानों की तैनाती

डोंगरगढ़ में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। एसडीओपी केसरी नंदन नायक के अनुसार, करीब 1200 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। अंजोरा से डोंगरगढ़ तक प्रमुख पदयात्री मार्गों पर निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा मंदिर की सीढ़ियों पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे।

नवरात्रि में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित आवागमन और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रमुख मार्गों से लेकर मंदिर परिसर तक विशेष निगरानी रख रही है।

पुलिस की सख्ती, शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर नजर

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल और रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि धार्मिक स्थल और पदयात्रा मार्गों पर अनुशासन बनाए रखें। तेज रफ्तार वाहन चलाने, अनावश्यक हॉर्न बजाने और विवाद करने जैसी गतिविधियों से दूसरे लोगों को परेशानी हो सकती है। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button