गरियाबंद में जवानों को मिली बड़ी सफलता, पुलिया के पास मिला नक्सलियों का संदिग्ध डंप

गरियाबंद :  छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। इसमें टिफिन आईईडी, यूबीजीएल राउंड और अन्य सामान शामिल हैं।

पुलिया के पास मिला संदिग्ध डंप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद भी सुरक्षा बल जंगलों में माओवादियों द्वारा पहले छिपाकर रखे गए डंप की तलाश कर रहे हैं। इसी क्रम में मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गंवरमुड़ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान में सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीमें शामिल थीं।

तलाशी के दौरान गोवरमुंडा इलाके में एक पुलिया के नजदीक संदिग्ध सामग्री मिलने पर जवानों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। संभावित खतरे को देखते हुए सीआरपीएफ के बम खोज एवं निष्क्रियकरण दस्ते (बीडीएस) को मौके पर बुलाया गया।

2.5 किलो की टिफिन आईईडी समेत ये सामग्री बरामद

बीडीएस की जांच के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, डंप में शामिल सामान इस प्रकार है:

2.5 किलोग्राम वजन की एक टिफिन आईईडी

चार यूबीजीएल राउंड

दो मीटर कोडेक्स वायर

15 खाली खोखे

दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री

आईईडी और यूबीजीएल राउंड को मौके पर किया गया नष्ट

पुलिस के मुताबिक, संभावित सुरक्षा खतरे को देखते हुए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और सुरक्षा उपायों का पालन किया गया। इसके बाद टिफिन आईईडी और चारों यूबीजीएल राउंड को घटनास्थल पर नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया।

सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button