बिलासपुर गरबा वायरल रील मामला: 9 आरोपी गिरफ्तार, BNS के तहत केस दर्ज

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रास गरबा कार्यक्रम से जुड़ी एक सोशल मीडिया रील को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवतियां गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीते और पिस्टलनुमा वस्तु लहराते नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज किया गया है।
गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार के लिए बनाई गई थी रील
जानकारी के अनुसार, संबंधित वीडियो गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से बनाया गया था। इसमें पारंपरिक गरबा परिधान पहने युवतियां सिगरेट पीती और पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु का प्रदर्शन करती नजर आती हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस तक पहुंचा।
SSP के निर्देश पर शुरू हुई जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। उन्हें पाबंद करने के लिए बाउंड ओवर की प्रक्रिया जारी है।
धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर पुलिस की चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों से जुड़े आपत्तिजनक प्रदर्शन तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पर नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर कोई भी सामग्री साझा करने से पहले उसके स्वरूप और संभावित प्रभाव पर विचार करें। वायरल रील के मामले में हुई कार्रवाई के बाद यह प्रकरण सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।







