रायपुर में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, होर्डिंग पोल से लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

रायपुर : राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का शव होर्डिंग पोल से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। कार शोरूम के पास युवक का शव गमछे के सहारे होर्डिंग पोल में लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई।

पुलिस के पहुंचने के बाद घटनास्थल की जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है।

मृतक की पहचान नहीं, उम्र करीब 35 साल

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव की पहचान के साथ-साथ युवक के घटनास्थल तक पहुंचने और उसकी मौत से जुड़े परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

जांच के दौरान मृतक के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं। इसी वजह से मामला पुलिस के लिए संदिग्ध बना हुआ है। हालांकि चोट के निशान किस परिस्थिति में आए, यह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस खंगालेगी आसपास के CCTV फुटेज

घटनास्थल की जांच और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगालने की तैयारी में है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक घटनास्थल पर कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था।

फिलहाल पुलिस इस मामले को लेकर आत्महत्या या किसी अन्य परिस्थिति में मौत की आशंका समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button