तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली का कहर, एक युवक की मौके पर मौत; दूसरा गंभीर रूप से झुलसा

दुर्ग : छत्तीसगढ़ में मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बीच दुर्ग जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग पर बोरी थाना क्षेत्र की लिटिया चौकी अंतर्गत ग्राम मोहंदी के पास हुआ।

बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े थे दोनों

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर इलाके में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे दो युवक बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच अचानक तेज गर्जना के साथ पेड़ के पास आकाशीय बिजली गिर गई।

बिजली की चपेट में आने से दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मानसून की सक्रियता और लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

आकाशीय बिजली के दौरान बरतें सावधानी

बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और अन्य ऊंचे स्थानों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है। प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button