सड़क हादसे के पीड़ितों को राहत दिलाने में बलौदाबाजार पुलिस ने बनाया रिकॉर्ड, प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान

बलौदाबाजार : सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर इलाज और आर्थिक राहत दिलाने के लिए संचालित प्रधानमंत्री राहत योजना के क्रियान्वयन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित सत्यापन और पोर्टल पर समयबद्ध जानकारी दर्ज करने की व्यवस्था से जिले को यह उपलब्धि मिली है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन और लगातार मॉनिटरिंग में सड़क हादसों के पीड़ितों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अस्पतालों से मिलने वाले TMS रिक्वेस्ट पर संबंधित थानों के माध्यम से दुर्घटना की जानकारी का भौतिक और डिजिटल सत्यापन किया जाता है। इसका उद्देश्य पात्र घायलों को बिना अनावश्यक देरी के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।
270 प्रकरणों में कार्रवाई, 219 को मिला अप्रूवल
जिले में iRAD/e-DAR पोर्टल पर अब तक कुल 270 प्रकरणों की प्रविष्टि और सत्यापन किया गया है। इनमें 219 मामलों में दुर्घटना की जानकारी सही पाए जाने पर अप्रूवल दिया गया। वहीं, 25 प्रकरणों को नियमानुसार रिजेक्ट किया गया, जबकि 26 मामलों को ‘Discharged from Scheme’ श्रेणी में दर्ज किया गया है।
पोर्टल पर समय पर डेटा एंट्री, तेजी से सत्यापन और पारदर्शी प्रक्रिया के चलते जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
प्रशिक्षण और समन्वय ने बढ़ाई कार्यक्षमता
इस उपलब्धि में जिला DRM मनोज मांडले की भी महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है। उनके मार्गदर्शन में थानों और अस्पतालों के कर्मचारियों के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इनमें पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने, दुर्घटना से जुड़े प्रकरणों का सत्यापन करने और योजना की प्रक्रिया को समझने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
गोल्डन आवर में ₹1.50 लाख तक कैशलेस इलाज
योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे यानी ‘गोल्डन आवर’ में घायल व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को सरकारी और निजी अस्पतालों में 1.50 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाती है।
इस व्यवस्था से इलाज के खर्च की चिंता के कारण होने वाली देरी को कम करने और घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों की मदद के लिए आगे आएं। समय पर अस्पताल पहुंचाने और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।







