‘ये मोदी है, चट्टान बनकर खड़ा है’, SRCC में PM मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला

नई दिल्ली : दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की 100 वर्षों की यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए संस्थान से जुड़ी कई पीढ़ियों को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि SRCC का शताब्दी समारोह केवल कॉलेज के लिए ही नहीं, बल्कि देश के शिक्षा क्षेत्र के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण अवसर है।

समारोह में प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने विपक्षी नेताओं की तुलना शादी में मौजूद ऐसे ‘नाराज फूफा’ से की, जो हर अच्छे काम में सवाल खड़े करते हैं।

पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग हर काम पर पूछते रहते हैं कि इसकी क्या जरूरत थी और उसकी क्या जरूरत थी। उन्होंने कहा कि यह ठीक वैसा ही है जैसे शादी में नाराज फूफा हर बात पर सवाल उठाते रहते हैं।

‘गिलास आधा खाली नहीं, पूरा भरा हुआ देखता हूं’

प्रधानमंत्री ने अपने पुराने उदाहरण का जिक्र करते हुए कहा कि वह गिलास को आधा खाली नहीं, बल्कि पूरा भरा हुआ देखते हैं। उनके मुताबिक गिलास आधा पानी और आधा हवा से भरा है।

पीएम मोदी ने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि देश को निराशा से निकालकर आशा और आत्मविश्वास के रास्ते पर ले जाना जरूरी है।

‘2013 में ग्रोथ फर्श पर, महंगाई अर्श पर थी’

प्रधानमंत्री ने 2013 के दौर की आर्थिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय ‘ग्रोथ फर्श पर थी और महंगाई अर्श पर’ थी। उन्होंने युवाओं से उस दौर की परिस्थितियों को समझने की अपील की और कहा कि नई पीढ़ी के लिए यह जानना जरूरी है कि भारत ने पिछले वर्षों में कितना बदलाव देखा है।

उन्होंने दावा किया कि 2013 के मुकाबले आज भारत की स्थिति काफी मजबूत हुई है। पीएम ने कहा कि उस समय भारत को ‘Fragile Five’ में गिना जाता था, जबकि आज दुनिया भारत को ‘Fastest Growing Major Economy’ के तौर पर देख रही है।

आतंकवाद और नक्सलवाद पर भी बोले पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करता है। जम्मू-कश्मीर से लेकर नॉर्थ ईस्ट तक शांति की स्थिति में सुधार हुआ है और नक्सलवाद की कमर टूट चुकी है।

उन्होंने कहा कि देश ने बीते वर्षों में कई मोर्चों पर बदलाव देखा है और यह बदलाव भारत की नई आत्मविश्वासी तस्वीर को दर्शाता है।

‘ये मोदी है, चट्टान बनकर खड़ा है’

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सच की हुंकार के आगे झूठ की गूंज टिक नहीं सकेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग ‘माई-बाप’ कल्चर के हिमायती हैं, उनके सामने वह चट्टान बनकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि उनके अंदर हिम्मत है और इसी वजह से वह अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता और युवाओं के सामने आए हैं।

‘दिमागी नक्सल’ को लेकर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का जिक्र करते हुए कहा कि देश उन लोगों पर नजर रख रहा है, जिन्होंने इस शब्द को अपनाया है और एक खास एजेंडे को मंच देने का काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल किया था। उन्होंने होम्योपैथिक दवा का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसी दवा लेने के बाद शुरुआत में बीमारी के लक्षण अधिक स्पष्ट दिखाई दे सकते हैं।

इसी तुलना के जरिए पीएम मोदी ने कहा कि जब उन्होंने ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल किया, तो जिन लोगों की ओर उनका इशारा था, वे खुद खुलकर सामने आ गए।

SRCC की 100 साल की यात्रा को बताया ऐतिहासिक

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने SRCC के शताब्दी समारोह को ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान से जुड़ी कई पीढ़ियां एक साथ इस अवसर पर मौजूद हैं। उन्होंने कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों और पूरे संस्थान को 100 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि SRCC ने देश के शिक्षा और आर्थिक क्षेत्र को दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और आने वाले वर्षों में भी संस्थान की भूमिका अहम बनी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button