CM साय की तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, बोले- नक्सलवाद प्रभावित इलाकों में भी पहली बार निकलेगी यात्रा

रायपुर :  राजधानी रायपुर आज देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘मोर तिरंगा, मोर अभिमान-हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश के कई मंत्री, विधायक, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

इंडोर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ रायपुर के इंडोर स्टेडियम से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों और NCC कैडेट्स में विशेष उत्साह देखने को मिला।

यात्रा गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची।

 मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी रजवाड़े, विधायक राजेश मूणत और विधायक सुनील सोनी समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

इसके अलावा स्काउट एंड गाइड्स, NCC कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी तिरंगा यात्रा का हिस्सा बने।

 CM साय बोले- तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में बांधता है

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में बांधकर रखता है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली। महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस समेत अनेक स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों ने देश के लिए त्याग और बलिदान दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में तिरंगा यात्रा की शुरुआत किए जाने का उल्लेख करते हुए लोगों से अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।

 नक्सल प्रभावित इलाकों में भी लहराएगा तिरंगा

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि जवानों के अदम्य साहस से प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि अब उन क्षेत्रों में भी पहली बार तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव था। उन्होंने इसे सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button