‘राहुल गांधी देश से माफी मांगें’, SIR और चुनाव आयोग के मुद्दे पर CM साय का कांग्रेस पर तीखा हमला

रायपुर : विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कांग्रेस और चुनाव आयोग के बीच चल रही सियासी बहस अब छत्तीसगढ़ में भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब दिया।

बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित मीडिया चर्चा में मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडे, महामंत्री अखिलेश सोनी, नवीन मारकंडे और मीडिया प्रभारी हेमंत पाणिग्रही भी मौजूद रहे।

‘SIR पर चुनाव आयुक्तों में मतभेद नहीं’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त और तीनों चुनाव आयुक्तों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस से यह स्पष्ट हो गया है कि चुनाव आयोग के भीतर किसी तरह का मतभेद नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के दावों को खारिज करते हुए कहा कि SIR का फैसला तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिया गया है।

साय ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से जारी प्रेस नोट के बाद SIR को लेकर उठाए जा रहे कई सवालों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कांग्रेस पर झूठ और सनसनी फैलाने का आरोप भी लगाया।

‘चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना गलत’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का चुनाव आयोग देश की संवैधानिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों की जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने उस मीडिया रिपोर्ट का भी जिक्र किया, जिसे लेकर कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। साय के मुताबिक, रिपोर्ट में जिस कैबिनेट सचिव को लिखे गए पत्र का उल्लेख किया गया है, वह SIR से संबंधित नहीं बल्कि सामान्य प्रशासनिक विषय से जुड़ा था। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयुक्तों की ओर से ऐसा कोई पत्र नहीं लिखा गया।

राहुल गांधी से माफी की मांग

मुख्यमंत्री साय ने राहुल गांधी पर लगातार संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय तथ्यों को सामने रखना चाहिए।

साय ने कहा कि चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने के बाद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

EVM के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में EVM का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले भी EVM को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, लेकिन कांग्रेस और उसके नेता चुनावों में इसी व्यवस्था के जरिए जीत भी हासिल करते हैं।

साय ने सवाल किया कि यदि कांग्रेस को EVM की विश्वसनीयता पर संदेह है, तो क्या राहुल गांधी अपने पद से इस्तीफा देंगे।

‘कांग्रेस अपनी ही डाली काट रही’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर राहुल गांधी के बयानों के कारण खुद अपनी ही राजनीतिक जमीन कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है, जिनके जरिए देश में चुनावी प्रक्रिया संचालित होती है।

साय ने विदेशों में भारत से जुड़े मुद्दे उठाने को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और न्यायपालिका जैसे संस्थानों पर सार्वजनिक मंचों से सवाल उठाना उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि देश की जनता चुनाव आयोग के साथ खड़ी है और कांग्रेस को अपने आरोपों पर तथ्यों के साथ बात करनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button