शिक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव! धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मंजूर, प्रह्लाद जोशी संभालेंगे अतिरिक्त जिम्मेदारी

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे धर्मेंद्र प्रधान की जगह अब शिक्षा मंत्रालय का कामकाज संभालेंगे। वहीं प्रधानमंत्री की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। इससे पहले आज दोपहर में धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में सबकी नजर इस बार पर थी कि अब शिक्षा मंत्रालय कौन संभालेगा? लेकिन केंद्र सरकार ने यह अतिरिक्त जिम्मेदारी प्रह्लाद जोशी को सौंपी है। प्रह्लाद जोशी के पास फिहलहाल उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की जिम्मेदारी भी है।
बता दें कि पिछले करीबे एक महीने दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी की अगुवाई में छात्रों का आंदोलन चल रहा था। नीट परीक्षा पेपर लीक कांड को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की जा रही थी। आज दोपहर धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद जंतर मंतर पर चल रहा आंदोलन भी खत्म हो गया।
धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने इस्तीफे का ऐलान किया और लिखा कि बच्चे अपना समय पढ़ाई में लगाएं, करियर बनाने पर फोकस करें, इसी बात पर विचार करते हुए उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया है। प्रधान ने बताया कि वह पिछले 4 दशक से भी ज्यादा समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहे हैं। इस्तीफा देते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने देश के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, विपक्षी पार्टियों पर भी उन्होंने निशाना साधा। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कई छात्रों को गुमराह करने के लिए जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों ने बाधा डालने की कोशिश की, जिससे मन अत्यंत व्यथित हुआ।







