दिल्ली बिल्डिंग हादसे में दो की मौत, तीन की हालत गंभीर, घटनास्थल पर सीएम रेखा गुप्ता मौजूद

नई दिल्ली :  दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की सूचना है। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रेस्क्यू टीमों ने अब तक 8 लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया है। घायलों में से तीन को इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

PG के रूप में इस्तेमाल हो रही थी इमारत

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत के ढहने की घटना हुई, उसमें छात्रों के लिए PG संचालित किया जा रहा था। रविवार को छुट्टी होने की वजह से बड़ी संख्या में छात्र अपने कमरों में मौजूद थे। ऐसे में कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई।

एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, इमारत का नाम ‘हॉस्टल डेज’ बताया जा रहा है और यह खास तौर पर लड़कों के PG के रूप में इस्तेमाल होती थी। हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बेसमेंट में चल रहा था मरम्मत का काम

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। इसमें एक बेसमेंट के साथ पांच ऊपरी मंजिलें थीं और इसका इस्तेमाल PG के तौर पर किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, हादसे के वक्त बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी दावा किया है कि करीब एक महीने पहले बिल्डिंग को लेकर नोटिस दिया गया था। हालांकि, इन दावों की विस्तृत जांच की जा रही है।

मौके पर पहुंचीं CM रेखा गुप्ता

हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान का जायजा लिया। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए हादसे पर दुख जताया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर बचाव अभियान में जुटी हैं। एहतियात के तौर पर आसपास की एक इमारत को भी खाली कराया गया है।

उन्होंने कहा कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर

दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, दोपहर करीब 1:30 बजे बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की आठ गाड़ियां और अलग-अलग विभागों की बचाव टीमें मौके पर भेजी गईं।

पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है। रेस्क्यू कर्मी मलबे को सावधानी से हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। स्थानीय लोग भी शुरुआती दौर में बचाव कार्य में जुटे और हाथों तथा उपलब्ध उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में सहयोग किया।

बिल्डिंग मालिक की तलाश में पुलिस

हादसे के बाद पुलिस बिल्डिंग के मालिकों के बारे में जानकारी जुटा रही है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, हरिओम बंसल और उनके भाई आनंद बंसल को इमारत का मालिक बताया जा रहा है और दोनों के गुरुग्राम में रहने की बात कही गई है।

यह भी बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले बिल्डिंग को खाली कराया गया था, जबकि PG का संचालन लगभग दो महीने पहले शुरू हुआ था। इन तमाम बिंदुओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है। घटनास्थल पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button