छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन तक बरसेंगे बदरा! आज 23 जिलों में बारिश का अलर्ट

रायपुर : पिछले 24 घंटे में राज्य में सर्वाधिक बारिश का आंकड़ा 3 सेमी तक पहुंचा. कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई. अब तक औसत से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के ब्रेक के बाद पूरे प्रदेश में जोरदार बारिश के लिए नए सिस्टम का इंजतार है.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में उत्तर और मध्य क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना है. वहीं अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. शुक्रवार को प्रदेश में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी के साथ रायपुर के साथ दुर्ग सबसे गर्म इलाका रहा. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?
राजधानी में आज आकाश में सामान्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है. वहीं अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रह सकता है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून धीमे-धीमे कमजोर होने लगा था,इस दौरान जम्मू-कश्मीर और उसके आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने सक्रिय सिस्टम अरब सागर से आने वाली नमी युक्त हवाओं को अपनी ओर खींच लिया है. असम और बिहार में मानसूनी गतिविधियां बढ़ रही है. राज्य में मानसून ब्रेक जैसी स्थिति तो नहीं होगी मगर विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में बारिश का दायरा बेहद सीमित हो जाएगा.
कई जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश को लेकर शनिवार सुबह 10 बजे तक के लिए अलर्ट जारी किया है. कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है.







