जिला जेल में विचाराधीन बंदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

रायगढ़ : जिला जेल में बंद विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय बघेल के रूप में हुई है, जो ग्राम नवापारा का निवासी था। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग कर रहे।

जानकारी के अनुसार, संजय बघेल पिछले कुछ दिनों से शराब से जुड़े एक मामले में जेल में बंद था। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता प्यारेलाल ने आरोप लगाया है कि तीन दिन पहले उसके बेटे और उसके एक दोस्त को पुलिस ने शराब बेचने के मामले में पकड़ा था। उसके बाद एक साथी को 40 हजार रुपए लेकर छोड़ दिया पर बेटे को जेल भेज दिया गया। जेल में बेटे के साथ मारपीट की गई थी, जिसके कारण उसकी जान गई। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

सरपंच ने कहा – जेल के अंदर लगे CCTV कैमरों की जांच हो

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सरपंच नंदकुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर इस मौत पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मौत में जेल अधिकारियों की बड़ी लापरवाही है। अगर जेल के अंदर संजय बघेल की मौत हुई है तो अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच होनी चाहिए। दोषियों को तत्काल निलंबित कर मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की पहल होनी चाहिए।

जांच की मांग पर अड़े हैं परिजन

बहरहाल शराब बेचने के मामले में पकड़े गए विचाराधीन बंदी संजय बघेल की मौत से जेल अधिकारियों के ऊपर गंभीर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे और वहां हंगामा कर जांच की बात पर अड़े हुए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन और जेल प्रबंधन की ओर से मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक बयान नहीं आया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button