जिला अस्पताल दुर्ग में डॉक्टर की लापरवाही का आरोप, कांग्रेस नेता अय्यूब खान ने की कार्रवाई की मांग

दुर्ग :  जिला अस्पताल दुर्ग में डॉक्टर की कथित लापरवाही और मरीज को गलत जानकारी देने का मामला सामने आया है। इस मुद्दे को प्रदेश कांग्रेस सचिव अय्यूब खान ने उठाते हुए दोषी चिकित्सक के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।अय्यूब खान ने बताया कि यह मामला 5 जून की रात करीब 11 बजे का है। आलिया खान नामक छात्रा, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रही है, तेज बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल दुर्ग लाई गई थी। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने बिना समुचित जांच के छात्रा और उसके परिजनों को यह कहते हुए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया कि उसकी किडनी और लीवर खराब हैं तथा उसका इलाज यहां संभव नहीं है। डॉक्टर ने मरीज को मेकाहारा रायपुर ले जाने की सलाह दी।

डॉक्टर की इस जानकारी से घबराए परिजन छात्रा को एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां जांच के बाद पता चला कि उसे केवल सामान्य बुखार था। उपचार के बाद छात्रा पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट आई।अय्यूब खान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वे पीड़ित परिवार के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और सिविल सर्जन डॉ. मिंज से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की। उन्होंने लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।अय्यूब खान के अनुसार, सिविल सर्जन ने शिकायत के आधार पर दो दिनों के भीतर जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।उन्होंने कहा कि मरीज को गलत जानकारी देकर गुमराह करना, परिजनों से दुर्व्यवहार करना और बिना पर्याप्त जांच के रेफर करना गंभीर मामला है। दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह के मामलों में कार्रवाई नहीं हुई तो गरीब और आम मरीजों का सरकारी अस्पतालों से विश्वास उठ जाएगा।इस दौरान सिविल सर्जन से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में मोहम्मद रफीक, अज्जू वाजिद, श्रीमती रुक्कैया, अनीस, अकील चौहान और अख्तर चौहान भी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button