अवैध गांजा खेती करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

राजनांदगांव : जिले में नशे और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग पुलिस ने गांजा की अवैध खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर की बाड़ी से 6 गांजा के पौधे जड़ सहित बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लालबाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मोहभटटा (चमारराय टोलागांव) निवासी तुलेश्वर साहू अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजा की खेती कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी तुलेश्वर साहू (25 वर्ष) के घर की तलाशी ली। जांच के दौरान बाड़ी से 6 नग गांजा के पौधे जड़ सहित बरामद किए गए।

पुलिस ने गांजा के पौधों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 218/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(क)(i) के तहत मामला पंजीबद्ध किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से नशे और अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button