“हाथ में चाकू लेकर मचा रहा था आतंक, बसंतपुर पुलिस ने ‘खतम’ का निकाला जुलूस सीधे जेल तक”

राजनांदगांव : शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र में आम जगह पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने और आतंकित करने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है, जिसके खिलाफ पहले भी गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। ​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली कि कौरिनभांठा निवासी नेतराम यादव उर्फ खतम (23 वर्ष) पिता प्रभात यादव एक सार्वजनिक स्थान पर लोहे का धारदार चाकू लेकर घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।

​सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से खतरनाक धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 242/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया है।पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी नेतराम उर्फ खतम इलाके का पुराना रिकॉर्डेड बदमाश है। उसके खिलाफ थाना बसंतपुर में पहले से ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और शासकीय कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

​इस पूरी कार्रवाई में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक इब्राहिम खान, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा और राजेश्वर बंदेश्वर की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और गुंडे-बदमाशों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button