दोस्तों संग खड़े युवक पर हमला, चाकू लगने से मौत; पुलिस ने आरोपी को दबोचा

डोंगरगढ़ :  राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर में पुरानी रंजिश ने मंगलवार रात खूनी रूप ले लिया। कश्मीरी पारा में हुए हमले में एक युवक की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की रात करीब 9 बजे शाहरुख खान अपने भाई फारुख खान, दोस्त सुमित विश्वकर्मा उर्फ बोंगो और धनु यादव उर्फ धनेश के साथ कश्मीरी पारा में मौजूद था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते अभय निषाद हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।

हमले के दौरान शाहरुख भागते समय गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी ने उसके सिर पर डंडे से वार किया। इसके बाद आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू से धनु यादव के पेट में हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल धनु को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और डोंगरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शाहरुख खान की शिकायत पर अपराध क्रमांक 419/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 103(1) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभय निषाद (23 वर्ष), निवासी कश्मीरी पारा, डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button