“सीएम हाउस घेराव” में उमड़ा छात्र शक्ति का सैलाब, NSUI कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

रायपुर :  छत्तीसगढ़ NSUI द्वारा आयोजित “छात्र शक्ति – जन परिवर्तन” कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री निवास घेराव आंदोलन के दौरान देर शाम तक पुलिस और छात्र नेताओं के बीच घूमा-झटकी एवं तीखी नोकझोंक का दौर चलता रहा। मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ रहे NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर रोका गया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई छात्र नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।

प्रदेशभर से पहुंचे हजारों छात्र-युवाओं ने आंदोलन में भाग लिया। कार्यक्रम में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विनोद जाखड़ के प्रथम रायपुर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। दोपहर में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचने पर NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात शाम को महिला थाना चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय से मुख्यमंत्री निवास घेराव हेतु विशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। आंदोलन के दौरान छात्रसंघ चुनाव की बहाली, शिक्षकों एवं शासकीय पदों पर भर्ती, विश्वविद्यालयों में राजनीतिक हस्तक्षेप पर रोक, नशे के अवैध व्यापार पर सख्त कार्रवाई एवं प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करने जैसी प्रमुख मांगें उठाई गईं।

इस अवसर पर NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि छात्र हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसे NSUI बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव बहाल करने एवं युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग सरकार से की। वहीं छत्तीसगढ़ NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि प्रदेश के छात्र आज शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और छात्र अधिकारों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला है, जिसे बंद कर युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया गया है। NSUI छात्र हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि यह आंदोलन केवल छात्रसंघ चुनाव की मांग नहीं बल्कि शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान की लड़ाई है। आने वाले समय में छात्र हितों को लेकर आंदोलन और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से NSUI पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button