जनदर्शन बना सहारा: दिव्यांग को मिली ट्राई साइकिल, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

बेमेतरा, 20 अप्रैल 2026:– जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम एक बार फिर जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया। इस बार तहसील बेमेतरा के ग्राम मोहभट्ठा वार्ड क्रमांक 17 निवासी दिव्यांग युवक कुमार गिरी गोस्वामी के जीवन में खुशियों की नई राह खुल गई।

लंबे समय से शारीरिक दिव्यांगता से जूझ रहे कुमार गिरी रोजमर्रा के कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर थे। आत्मनिर्भर बनने की इच्छा लिए वे जनदर्शन कार्यक्रम में पहुँचे और कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के समक्ष अपनी समस्या रखी। उन्होंने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का आवेदन दिया।

कलेक्टर ने उनकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संवेदनशील निर्णय लिया और मौके पर ही ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई। जैसे ही ट्राई साइकिल उन्हें सौंपी गई, उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी। भावुक होकर उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताया और कहा कि अब वे अपने कार्य स्वयं कर सकेंगे और स्वतंत्र जीवन जी पाएंगे। यह पहल न केवल एक व्यक्ति के जीवन में बदलाव लेकर आई, बल्कि यह भी दर्शाती है कि प्रशासनिक संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

इसी जनदर्शन कार्यक्रम में विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए आवेदकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें भूमि विवाद, प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े आवेदन शामिल थे। कलेक्टर द्वारा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को समय-सीमा में समाधान के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button