निजी स्कूलों की हड़ताल: RTE फीस बढ़ाने की मांग पर प्रदेशभर में बंद

रायपुर : प्रदेश के निजी स्कूलों में आरटीई के तहत प्रवेशित बच्चों की फीस में बढ़ोत्तरी की मांग तेज हो रही है. शुक्रवार को संचालकों और शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध किया, आज यानी शनिवार को पूरे प्रदेश के निजी स्कूल बंद रहेंगे. प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन का आरटीई की फीस में वृद्धि की मांग को लेकर एक मार्च से असहयोग आंदोलन जारी है.
छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि फीस वृद्धि नहीं होने पर लॉटरी के माध्यम से चयनित बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता एवं सचिव मोती जैन ने बताया कि निजी स्कूलों की मांग को लेकर शासन का ध्यान लगातार आकृष्ट कराया जा रहा है, लेकिन शासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है. इससे संचालकों में नाराजगी है.
आज बंद रहेंगे प्रदेश के निजी स्कूल
एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार फीस में बढ़ोत्तरी की मांग करते हुए निजी स्कूल 18 अप्रैल को बंद रहेंगे. इसके एक दिन पहले आज निजी स्कूल संचालकों और शिक्षकों के अलावा स्टॉफ ने काली पट्टी लगाकर काम करते हुए विरोध दर्ज कराया. आगे आंदोलन के संबंध में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा.
स्कूल संचालकों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में 14 साल से आरटीई की प्रतिपूर्ति राशि में किसी प्रकार की बढ़ोत्तरी नहीं हुई है. शासन से प्रतिपूर्ति राशि बढ़ाने की मांग कई बार की गई परंतु अब तक फीस यथावत है. वर्ष 2011 में तय फीस के अनुसार कक्षा पहली से पांचवीं तक की प्रतिपूर्ति राशि 7 हजार रुपए और छठवीं से आठवीं तक 11,400 रुपए प्रति विद्यार्थी प्रति वर्ष का भुगतान शासन द्वारा स्कूलों को किया जाता है. बता दें कि गर्मी को देखते हुए राज्य शासन ने 20 अप्रैल से छुट्टियां घोषित की है.






