देश गमगीन: Asha Bhosle के निधन पर Narendra Modi समेत कई नेताओं की श्रद्धांजलि

मुंबई: आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। राजनीतिक जगत की दिग्गज हस्तियों ने भी आशा भोसले के निधन पर शोक संवेदनाएं जताई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत तमाम नेताओं ने भी आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक जताया है।

उनकी आवाज़ में हमेशा एक बेमिसाल चमक रही-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर आशा भोसले के साथ अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा-‘भारत की सबसे मशहूर और बहुमुखी आवाज़ों में से एक, आशा भोसले जी के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। दशकों तक चली उनकी असाधारण संगीत यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ। चाहे उनकी दिल को छू लेने वाली धुनें हों या उनकी जोशीली रचनाएं, उनकी आवाज़ में हमेशा एक बेमिसाल चमक रही। उनके साथ हुई मेरी मुलाक़ातों की यादें मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।’

केंद्रीय गृह मंत्री ने भी जताया शोक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आशा भोसले के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा-आशा ‘ताई’ ने न केवल अपनी आवाज और प्रतिभा से एक अनूठी पहचान बनाई बल्कि अपने मधुर गीतों के माध्यम से भारतीय संगीत को और भी समृद्ध किया।

संगीत का दूसरा तारा भी आज लुप्त हुआ-फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा-“ये पूरे भारत के लिए, विश्व के संगीत प्रेमियों के लिए बहुत ही दुख की बेला है, भारत के इतिहास में उन्होंने संगीत की जो सेवा की है, मंगेशकर परिवार ने जो संगीत की सेवा की है, लता दीदी के रूप में पहले सितारा, पहला तारा लुप्त होते हुए हमने देखा, संगीत का दूसरा तारा भी आज लुप्त हुआ है, इसका हम सबको बहुत दुख है, बाल्यावस्था से संगीत की सेवा करते-करते 92 साल की उम्र तक लगातार उन्होंने सेवा की ,अपने 90 में जन्मदिन पर 3 घंटे CONCRT करने वाली दुनिया की एकमात्र गायिका है, आखरी दम तक संगीत की सेवा उन्होंने कि, हम सभी लोग जानते हैं कि शास्त्री संगीत से लेकर पॉप, रॉक ,सभी प्रकार की संगीत उन्होंने हम लोगों को दिया, सभी प्रकार के गीत गाए, विशेषता आरडी बर्मन जी और उन्होंने संगीत को एक अलग जोन में पहुंचने का काम किया और ऐसा कोई भी ,ऐसी कोई भी भाषा नहीं है, भारत की जिसमें उन्होंने गाना ना गया हो, 12000 से ज्यादा गाने, 20 से ज्यादा भाषाओं में उन्होंने गए, इस प्रकार की एक गायइका  जिनके शुरू में परमेश्वर बसते थे, उनका चला जाना, यह भारत के लिए हम सभी के लिए बहुत बड़ी हानि है, उनके परिवार के दुख में, हम सभी लोग सम्मिलित हैं।’

आशा जी का योगदान पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा-गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- भारतीय संगीत जगत की मशहूर और दिग्गज हस्ती गायिका पद्म विभूषण आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजली। उनके साथ मेरे पारिवारिक संबंध रहें है। उनका जाना भारत के संगीत क्षेत्र की अपरिमित क्षति है। अपनी विलक्षण प्रतिभा से आशा जी ने संगीत के क्षितिज पर अपनी एक अलग पहचान बनाई। नया दौर, तीसरी मंज़िल, हरे रामा हरे कृष्णा, उमराव जान के साथ साथ इजाज़त और रंगीला जैसे वक़्त और पीढ़ियों के साथ बदलती कई मशहूर फिल्में और गीत आशा जी ने अपने स्वर से अजर अमर किए है। प्लेबैक सिंगर के रूप में भी उन्होंने कई यादगार गाने दिए। संगीत के क्षेत्र में उनका ‘स्वर’ और उनका महत्वपूर्ण योगदान पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे।

सीएम योगी ने कला-संगीत जगत की अपूरणीय क्षति बताया

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आशा भोसले के निधन को कला और संगीत जगत की अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा-‘भारतीय संगीत जगत की सुर साम्राज्ञी, सुरों की महान उस्ताद, ‘पद्म विभूषण’ आशा भोसले जी का निधन बहुत दुखद है और कला की दुनिया के लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। उनकी बेमिसाल गायकी ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयां दीं। उनकी मीठी धुनें हमेशा देश के लोगों के दिलों में गूंजती रहेंगी। मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले, और शोकाकुल परिवार और चाहने वालों को यह बहुत बड़ा दुख सहने की शक्ति मिले। ॐ शांति!

ममता बनर्जी ने आशा भोसले को पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बताया 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जानी मानी गायिका आशा भोसले के निधन पर रविवार को गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें “संगीत जगत की महान हस्ती” करार देते हुए पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। बनर्जी ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, “संगीत जगत की महान हस्ती आशा भोसले के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह एक ऐसी प्रेरणादायी और मंत्रमुग्ध कर देने वाली गायिका थीं, जिन्होंने पीढ़ियों तक हमारे दिलों पर राज किया।” उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बांग्ला संगीत में भी आशा भोसले का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री ने कहा, “उन्होंने कई बांग्ला गीत भी गाए और पश्चिम बंगाल में भी वह बेहद लोकप्रिय हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें उन्हें 2018 में हमारे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बंगविभूषण’ से सम्मानित करने का अवसर मिला।” बनर्जी ने भोसले के परिवार, सहयोगियों और दुनियाभर में उनके प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button