बिहार के नालंदा में दर्दनाक हादसा: शीतला मंदिर भगदड़ में 8 श्रद्धालुओं की मौत

नालंदा: बिहार के नालंदा से एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां के शीतला मंदिर में भगदड़ मच गई है। इस घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है और 8 लोग घायल हैं।

क्या है पूरा मामला?

नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव में शीतला मंदिर में आज मंगलवार की वजह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसी दौरान पूजा करने के क्रम में भीड़ अनियंत्रित हो गई और भगदड़ मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

सीएम ने जताया दुख, मुख्य सचिव को जांच का निर्देश, मुआवजे का भी ऐलान

इस घटना को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने दुख जताया है। मुख्य सचिव को जांच के निर्देश दिए गए हैं और पटना के कमिश्नर को घटनास्थल पर भेजा गया है। इस मामले में मुआवजे का भी ऐलान कर दिया गया है। मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपए और सीएम राहत कोष से 2-2 लाख रुपए देने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा पीएमएनआरएफ की ओर से भी प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

पीएम मोदी ने भी जताया दुख

इस घटना पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बिहार के नालंदा जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

प्रत्यक्षदर्शी ने क्या कहा?

घटना के दौरान मौजूद एक युवक ने बताया, “आज सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ थी। इसी दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं। सब कुछ पूजा-पाठ सही चल रहा था। अचानक भगदड़ मच गई और ये पता ही नहीं चला कि ऐसा क्यों हुआ। लोग इधर उधर भागने लगे। भीड़ की व्यवस्था के लिए वहां बैरिकेडिंग भी थी और लाइनिंग भी थी। भीड़ की सुरक्षा में भी लोग मौजूद थे। लेकिन पता नहीं किसने शोर मचाया और लोग इधर-उधर भागने लगे। ये मेला सदियों से चला आ रहा है। हर बार सब सही होता है। इस बार पता नहीं कैसे ये भगदड़ मच गई।”

बता दें कि जिस शीतला मंदिर में ये भगदड़ मची, वह नालंदा स्थित बिहार शरीफ के मघड़ा में है। मंगलवार के दिन मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में पूजा के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी थी। हर बार इसी तरह भीड़ होती है लेकिन इससे पहले ऐसा हादसा नहीं हुआ। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि भगदड़ कैसे मची और कहीं इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। जिन लोगों के परिजनों की मौत हुई है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button