ड्रोन सर्वे की बड़ी कामयाबी: अफीम नेटवर्क ध्वस्त, हजारों पौधे बरामद

रायगढ़ : जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने 72 घंटे के भीतर लगातार तीन बड़ी कार्रवाई कर संगठित नेटवर्क की परतें खोल दीं। तमनार के आमाघाट से लेकर लैलूंगा के नवीन घटगांव और मुड़ागांव तक हुई कार्रवाई ने अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा दिया।

आमाघाट में सब्जी की आड़ में अफीम की खेती

19 मार्च को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर तमनार क्षेत्र के आमाघाट में छापेमारी हुई। जांच में सामने आया कि यहां सब्जी की खेती की आड़ में बड़े पैमाने पर अफीम उगाई जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान 60,326 पौधे जब्त किए गए, जिनकी बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई। मुख्य आरोपी मार्शल सांगा को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है। मौके पर पूरी फसल उखाड़कर नष्ट की गई और रोटावेटर व जेसीबी से खेत समतल कर दिया गया।

नवीन घटगांव में ड्रोन सर्वे से खुलासा

23 मार्च को ड्रोन और फिजिकल सर्वे के दौरान लैलूंगा तहसील के नवीन घटगांव में भी अवैध खेती पकड़ी गई। सादराम नाग अपने खेत में साग-भाजी के बीच अफीम उगा रहा था।

पुलिस ने मौके से फसल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। इसी गांव में अभिमन्यु नागवंशी के घर से अफीम की सूखी फसल भी बरामद हुई। टीम के पहुंचते ही साक्ष्य मिटाने की कोशिश हुई, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर सामग्री जब्त कर ली गई।

मुड़ागांव में भी कनेक्शन, जांच जारी

लैलूंगा के मुड़ागांव में तानसिंह नागवंशी से पूछताछ में 5 डिसमिल क्षेत्र में संदिग्ध खेती की जानकारी मिली। उसके घर से सूखे पौधे, पत्तियां और तने बरामद किए गए हैं। जब्त नमूनों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

ड्रोन निगरानी से बढ़ी पकड़, कई क्षेत्र कवर

जिले में व्यापक ड्रोन सर्वे अभियान चलाकर प्रशासन ने खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, लैलूंगा, मुकडेगा, रायगढ़, पुसौर और धरमजयगढ़ सहित कई क्षेत्रों के गांवों की निगरानी की। दुर्गम इलाकों में भी तकनीक के जरिए संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन सख्त, नहीं मिलेगी कोई राहत

प्रशासन ने साफ किया है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती गंभीर अपराध है। इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी इसी तरह संयुक्त अभियान, ड्रोन सर्वे और सघन जांच लगातार जारी रहेगी।नागरिकों से अपील है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button