होली पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था, 19 स्थानों पर नाकाबंदी, 127 पर यातायात कार्रवाई

बलौदाबाजार: होली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से व्यापक नाकाबंदी अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में जिले के 19 महत्वपूर्ण स्थानों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले, अवैध रूप से शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले, सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।

जिले के बलौदाबाजार, पलारी, लवन, भाटापारा, पटपर भाटापारा, तिल्दा अंडरब्रिज चौक सिमगा, ग्राम सुहेला तिगड्डा, हथबंद तिगड्डा, कसडोल, बस स्टैंड गिधौरी, सोनाखान, गिधपुरी एवं ग्राम बया सहित विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए। इन सभी स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर आने-जाने वाले वाहनों एवं व्यक्तियों की सघन जांच की गई तथा यात्रा के उद्देश्य की जानकारी ली गई।

06 चालक शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए

नाकाबंदी के दौरान 6 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। उनके वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया गया है और आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 127 व्यक्तियों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

अवैध शराब बिक्री पर भी कार्रवाई

अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब बिक्री करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले 9 लोगों को भी पकड़ा गया। इनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button