छत्तीसगढ़: धमतरी जिले में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौत

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा उस समय हुआ, जब जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही जवानों की कार धमतरी के खपरी गांव के पास बायपास मार्ग पर खड़े ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.

जानकारी के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार जवान खून से लथपथ हालत में अंदर ही फंसे रह गए. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. अर्जुनी थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. कार में फंसे जवानों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी. काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया.

दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी:- हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. एक जवान गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे तत्काल धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया. इस दर्दनाक हादसे में शहीद हुए जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, एएसआई उमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ और सिविलियन चालक हीरा लाल नागर (निवासी पड़रिया, रीवा) के रूप में हुई है. घायल जवान अभिमान राय का इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि सभी जवान ड्यूटी से संबंधित कार्य के सिलसिले में रायपुर जा रहे थे.

कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त:- हादसे के बाद मौके पर भयावह दृश्य देखने को मिला. क्षतिग्रस्त कार के आसपास खून फैला हुआ था और वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर धमतरी जिला अस्पताल की मर्चुरी भिजवाया. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे खड़ा ट्रक दुर्घटना का मुख्य कारण बना. इस हादसे ने सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है. एक साथ चार जवानों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button