आत्मानंद स्कूल मोवा में कक्षा के भीतर चाकू लहराने की घटना का मुख्य आरोपी चाकू सहित गिरफ्तार

रायपुर :  विगत दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, मोवा के कक्षा कक्ष के भीतर कुछ छात्र चाकू लहराते हुए दिखाई दे रहे थे। वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए थाना पण्डरी पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल जांच प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वीडियो में दिखाई देने वाला मुख्य आरोपी छात्र सुशांत प्रधान, पिता सुशील प्रधान, उम्र 19 वर्ष, निवासी बी.एस.यू.पी. कॉलोनी, सड्डू, कक्षा 12वीं का छात्र है। आरोपी द्वारा लगभग एक माह पूर्व अपने साथ स्कूल परिसर में एक चाकू लाया गया था, जिसे उसने कक्षा के भीतर अपने दोस्तों को दिखाया। इस दौरान उसके साथ मौजूद अन्य तीन विधि के साथ संघर्षरत बालक मित्रों द्वारा उक्त चाकू को हाथ में लेकर वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।थाना पण्डरी पुलिस द्वारा आरोपी छात्र को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अवैध रूप से चाकू रखने एवं उसे स्कूल परिसर में ले जाना स्वीकार किया। आरोपी की स्वीकारोक्ति के आधार पर उसके कब्जे से उक्त चाकू को बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।

आरोपी सुशांत प्रधान के विरुद्ध थाना पण्डरी में अपराध क्रमांक 33/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य तीन छात्र जो विधि से संघर्षरत बालक हैं। उनकी भूमिका अपराध में गौण पाए जाने एवं विधि से संघर्षरत होने के कारण उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही के स्थान पर सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार की जा रही है तथा उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।पुलिस द्वारा स्कूल परिसर में अनुशासन एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु विद्यालय प्रबंधन से समन्वय कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button