कलेक्टर ममगाई की अध्यक्षता मे समय सीमा कि बैठक आयोजित,प्रकरणों के त्वरित एवं गुणात्मक निराकरण के निर्देश

बेमेतरा  : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर गुणात्मक, पारदर्शी एवं वास्तविक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग में लंबित प्रकरणों का स्वयं मूल्यांकन करें और केवल औपचारिक नहीं बल्कि वास्तविक समाधान प्रस्तुत करें। उन्होंने विशेष रूप से कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव है, उनका तत्काल समाधान किया जाए। वहीं जिन प्रकरणों का त्वरित निराकरण संभव नहीं है, उनके वास्तविक कारणों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए संबंधित हितग्राही को पत्र के माध्यम से सूचित किया जाए। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि जनदर्शन के आवेदनों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक विभाग में अधीनस्थ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर निरंतर समीक्षा एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बिना अधिकृत अनुमति मुख्यालय से बाहर न रहें अधिकारी-कर्मचारी
प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाने, कार्यों में दक्षता बढ़ाने एवं जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने अधिकृत मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी बिना अधिकृत अनुमति के, अवकाश के दिनों में भी, मुख्यालय से बाहर न रहे। अनाधिकृत रूप से मुख्यालय से बाहर पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आधार आधारित उपस्थिति अनिवार्य
कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 जनवरी से सभी शासकीय कार्यालयों में आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली लागू की गई है। सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि नियमित रूप से आधार आधारित प्रणाली में उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ई-ऑफिस प्रणाली से ही होगा शासकीय कार्यों का निष्पादन
राज्य शासन की मंशानुरूप कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को ई-ऑफिस क्रियान्वयन प्रणाली के माध्यम से ही फाइलों का प्रस्तुतीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों से संबंधित समस्त पत्राचार, आदेश, निर्देश, फाइलें एवं दस्तावेज ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही प्रस्तुत किए जाएं।

कोई भी किसान धान विक्रय से वंचित न रहे – विशेष सतर्कता के निर्देश
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने धान खरीदी के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पंजीकृत किसान धान विक्रय कर सकें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी किसान धान विक्रय से वंचित न हो, इसके लिए धान खरीदी केंद्रों में व्यापक एवं सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में अब तक की धान खरीदी, उठाव, परिवहन, संग्रहण एवं किसानों को भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।

गणतंत्र दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन हेतु जिम्मेदारियां सौंपी गईं
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह के गरिमामय एवं भव्य आयोजन के लिए विभिन्न जिलाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंपे गए दायित्वों का सर्वोच्च प्राथमिकता एवं पूर्ण गंभीरता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह जिले में गरिमामय एवं सफल रूप से संपन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button