कलेक्टर ने डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बालोद : कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने डौण्डीलोहरा विकासखण्ड के ग्राम कोड़ेकसा, भंवरमरा, खैरकट्टा, राणा खुज्जी एवं खेरथा के धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे के आधार पर शत प्रतिशत धान की खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मिश्रा ने कहा कि कोई भी पात्र कृषक अपनी वास्तविक रकबे के अनुसार धान की बिक्री करने से वंचित न रहे। इसके अलावा उन्होंने मौके पर उपस्थित नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक एवं अन्य सभी अधिकारी-कर्मचारियों को धान खरीदी केन्द्रों में धान की अवैध खरीदी-बिक्री की रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मिश्रा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना को राज्य शासन की अत्यंत महत्वाकांक्षी एवं विशेष प्राथमिकता वाले योजना बताते हुए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरते जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्र खैरकट्टा में बिना कलर के सुतली से धान बोरों की सिलाई किए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। कलेेक्टर ने इसके लिए उन्होंने समिति प्रबंधक की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने धान खरीदी केन्द्र खेरथा एवं राणा खुज्जी के समिति प्रबंधकों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी भी दी। इस दौरान उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं आरपी राठिया, तहसीलदार हिंसाराम नायक, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के नोडल अधिकारी सीआर रावटे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्रोें के निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों का अवलोकन कर धान खरीदी केन्द्रों में अब तक खरीदे गए धान की कुल मात्रा, ग्रामवार औसत पैदावार, रकबा समर्पण की स्थिति आदि का सूक्ष्मता से पड़ताल किया। कलेक्टर मिश्रा ने मौके पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में कोचियों, व्यापारी आदि से धान की अवैध खरीदी न की जाए। मिश्रा ने इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की भी चेतावनी दी। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों में रकबा समर्पण कराने वाले किसानों की कुल संख्या की जानकारी लेते हुए रकबा समर्पण के कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत उन्होंने धान बिक्री करने के पश्चात् जिन कृषकों के पास धान शेष नही रह जाता उनका अनिवार्य रूप से रकबा समर्पण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पहले टोकन के पश्चात किसानों के रकबा के आधार पर पात्रतानुसार उनका दूसरा एवं तीसरा टोकन काटे जाने पर भौतिक सत्यापन के उपरांत ही संबंधित कृषकों की धान की खरीदी करने के निर्देश दिए। मिश्रा ने दूसरा एवं तीसरा टोकन जारी करने की स्थिति में निगरानी दल में शामिल हल्का पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव आदि अधिकारी-कर्मचारियों को संबंधित किसानों के घरों में भेजकर उनके पास उपलब्ध धान की भौतिक सत्यापन कराने को कहा। जिससे कि केवल वास्तविक किसानों के वास्तविक धान की खरीदी सुनिश्चित होने के साथ-साथ व्यापारियों एवं कोचियों के द्वारा की जाने वाली धान की अवैध खरीदी-बिक्री पर रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्र में उपस्थित किसानों से चर्चा कर धान खरीदी केन्द्र की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को धान खरीदी केन्द्र में केवल साफ-सुथरे एवं गुणवत्तायुक्त धान ही बिक्री हेतु लाने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर कलेक्टर मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्रों में धान बोरों के तौल का अवलोकन किया। उन्होंने नमी मापक यंत्र के माध्यम से धान की नमी की भी जांच कराया। सभी धान खरीदी केन्द्रों में धान में नमी की मात्रा समुचित पाई गई। उन्होंने समिति प्रबंधकों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को सभी धान खरीदी केन्द्रों में किसानों के लिए शुद्ध पेयजल, छांव, शौचालय आदि की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button