प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत साजा विकासखंड में कलश यात्रा एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन

बेमेतरा :  प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत विकासखंड साजा के ग्राम पंचायत मासूलगोंदी में दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्ण आवास प्राप्त हितग्राहियों के आवासों से कलश यात्रा निकाली गई तथा अपूर्ण आवास हितग्राहियों के घर जाकर दीपदान किया गया और उन्हें शीघ्र आवास पूर्ण करने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम में आवास निर्माण कार्य में तेजी लाना और अपूर्ण आवासों को जल्द से जल्द पूरा करवाना रहा। इस अवसर पर सरपंच, सचिव, आवास मित्र सहित पूर्ण आवास लाभार्थी एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कलश यात्रा के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। दीपदान कार्यक्रम के माध्यम से ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से न केवल हितग्राही प्रेरित होते हैं, बल्कि ग्राम में विकास के प्रति सामूहिक भावना भी मजबूत होती है।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का उद्देश्य प्रत्येक बेघर परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, ताकि “सबका साथ-सबका विकास” के संकल्प को साकार किया जा सके। दीपावली जैसे शुभ अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम ग्राम में सामाजिक एकता, सहयोग और विकास की भावना का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button